
अभिलेखों के रख-रखाव में मिली लापरवाही पर जताई नाराजगी, अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालयों में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान कुल कई अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख कार्यालय, कोषागार सहित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार, नाजिर वेद प्रकाश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी (भूलेख) भूपेंद्र गुप्ता तथा डूडा कार्यालय में तैनात सीएलटीसी कृष्ण मुनि और जनार्दन गुप्ता अनुपस्थित मिले।
इसके अलावा आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार, प्रधान सहायक दीपक कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सहायक राजाराम चौधरी, मनोज धर दूबे और घनश्याम वर्मा, लेखपाल राम आशीष तथा भूलेख कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंती देवी सहित अन्य कर्मचारी भी अपने कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिले। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार में दस्तावेजों के रख-रखाव और उनके सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने और उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में साफ-सफाई, बेहतर व्यवस्था और अभिलेखों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
