बैराज के पास शव मिलने से मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। मिहींपुरवा क्षेत्र स्थित चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के गेट नंबर आठ के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव कौड़ियाला और गेरुवा नदी की ओर से बहकर बैराज तक पहुंचा। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब बताई गई है।ग्रामीणों के अनुसार, बैराज के आठ नंबर गेट के पास शव दिखाई देने पर लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसकी जानकारी दी और वीडियो भी बनाया। घटना के बाद बैराज की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि शव नदी के रास्ते नेपाल की ओर से बहकर आया हो सकता है, लेकिन इसकी भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।थाना प्रभारी सुजौली राम गोविंद वर्मा ने बताया कि बरामद शव नेपाली महिला का बताया जा रहा है। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी स्थिति खराब हो चुकी है। शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।ग्रामीणों का कहना है कि घाघरा बैराज जल प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही सीमा क्षेत्र के लिहाज से भी संवेदनशील है। ऐसे में बैराज पर चौबीस घंटे प्रभावी निगरानी और नदी की ओर से आने वाली संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखना जरूरी है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से घटना की जांच कराने और बैराज की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की मांग की है
