देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ट्रक से 215 पेटी चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 1910.88 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार वाहन और शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस ने पालिटेक्निक कॉलेज मेहड़ा पुरवा के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ट्रक संख्या MP13GB8677 को रोककर तलाशी ली गई।पुलिस के मुताबिक ट्रक में प्लाई के नीचे शराब को छिपाने के लिए लोहे की बॉडी को ऊंचा किया गया था। बॉडी के अग्र भाग में लोहे की चादर से पार्टीशन बनाया गया था, जिससे बाहर से ट्रक खाली दिखाई दे रहा था। जांच के दौरान ट्रक से मैकडॉवल और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की विभिन्न मात्रा की शराब बरामद हुई।बरामदगी में मैकडॉवल 750 एमएल की 40 पेटी, 375 एमएल की 40 पेटी और 180 एमएल की 25 पेटी तथा इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल की 28 पेटी, 375 एमएल की 40 पेटी और 180 एमएल की 42 पेटी शामिल हैं। कुल 215 पेटी शराब बरामद की गई।पुलिस ने मौके से राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू थाना क्षेत्र के बायतू भीमजी निवासी करीब 40 वर्षीय दल्लाराम पुत्र नैना राम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को चंडीगढ़ से लादकर बिहार ले जा रहा था। शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात या लाइसेंस आरोपी के पास नहीं मिला।इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 655/2026 के तहत धारा 63/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्रनाथ चौबे, हेड कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल प्रविन्द्र कुमार यादव, उपेन्द्र यादव, योगेश कुमार बिन्द और दीपक यादव शामिल रहे।