कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर की ओर से 18 सितंबर को जिले में राज्य स्तरीय भूकंप, रासायनिक एवं अग्नि सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। अभ्यास के जरिए आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखा जाएगा।जनपद की चारों तहसीलों पडरौना, कसया, हाटा और कप्तानगंज में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के आधार पर मॉक अभ्यास कराया जाएगा। पडरौना के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भूकंप से स्कूल सुरक्षा, हाटा तहसील परिसर में कार्यालय अग्नि सुरक्षा, कसया के सीएचसी सपहां में फील्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा रामकोला स्थित त्रिवेणी शुगर कंपनी लिमिटेड में औद्योगिक रासायनिक खतरे के तहत ऑन-साइट और ऑफ-साइट रिस्पॉन्स का मॉडल अभ्यास किया जाएगा।अभ्यास की तैयारियों के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पडरौना स्थित स्थल का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार पडरौना, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ और एसडीआरएफ टीम प्रभारी ने स्थल का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों और संबंधित टीमों को निर्धारित दायित्वों का समन्वित ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।मॉक अभ्यास सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पुलिस, अग्निशमन एवं इमरजेंसी सर्विस, विद्युत, राजस्व, होमगार्ड, आपदा मित्र, नागरिक सुरक्षा, पीआरडी, एनसीसी और स्काउट-गाइड समेत विभिन्न विभागों की टीमें भाग लेंगी।प्रत्येक चिन्हित स्थल पर मेडिकल कैंप, रिलीफ कैंप, इंसिडेंट कमांड पोस्ट और स्टेजिंग एरिया स्थापित किए जाएंगे। अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, राहत व्यवस्था, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का व्यावहारिक परीक्षण किया जाएगा।जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) कलेक्ट्रेट परिसर से राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी), लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा रहेगा। इसके माध्यम से राज्य और जिला स्तर पर सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा।
