मरम्मत के बावजूद आवागमन बना खतरा, सपा नेता विजय रावत ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा; मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। कपरवार स्थित राप्ती नदी पर बने उग्रसेन सेतु की जर्जर स्थिति और बार-बार क्षतिग्रस्त होने की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने नए पुल के निर्माण की मांग तेज कर दी है। सपा नेता विजय रावत ने बरहज तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। उन्होंने पुराने पुल की मरम्मत के बजाय वहां नए पुल का निर्माण कराए जाने की मांग उठाई।ज्ञापन सौंपने के दौरान विजय रावत ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के कारण विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसका उदाहरण उग्रसेन सेतु है, जो करीब 40 वर्ष पुराना है। पिछले चार महीनों में मरम्मत कराए जाने के बावजूद यह दो बार क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुल पर आवागमन बाधित होने से आम जनता, राहगीरों और आसपास के गांवों के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि उग्रसेन सेतु से रामजानकी मार्ग का आवागमन जुड़ा हुआ है, इसके बावजूद राप्ती नदी पर नए पुल के निर्माण की व्यवस्था नहीं की गई। बार-बार मरम्मत और लेपन कार्य कराने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। ऐसे में मरम्मत कार्य बंद कराकर जनहित में नए पुल का निर्माण कराया जाना जरूरी है।विजय रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से जल्द नए पुल के निर्माण की घोषणा नहीं की गई तो जनता की समस्याओं को लेकर उग्रसेन सेतु पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विकास विश्वकर्मा, अमित प्रधान, दिनेश कुमार, अजीत प्रसाद, विकास यादव, राहुल सिंह, संजय तिवारी, भोला शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।