
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। छठ पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बलिया नाला स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही वहां तक पहुंचने वाले रास्तों का समतलीकरण भी कराया जाए, ताकि व्रतियों को आवागमन में परेशानी न हो।महिला व्रतियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर को सभी छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाए, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले शोहदों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि छठ पर्व आस्था और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने की अपेक्षा जताई और जनपदवासियों को छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
