
विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात – श्री केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ(राष्ट्र की परम्परा)- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने के लिए एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के विस्तार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।श्री मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। इसी क्रम में नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी मिलना उत्तर प्रदेश के विकास और शहरी परिवहन व्यवस्था को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 8.449 किलोमीटर लंबे इस नए मेट्रो कॉरिडोर पर पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक होगा। मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार से यात्रियों के समय की बचत होगी, सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा तथा क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और बेहतर बनेगी।श्री मौर्य ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क का विस्तार केवल परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास, रोजगार के अवसरों तथा नागरिकों के जीवन स्तर को भी सकारात्मक गति मिलेगी। यह परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सुनियोजित एवं आधुनिक शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस महत्वपूर्ण विकासपरक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार प्रदेश में विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं के विकास और नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
