देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। खुखुन्दू बाजार स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई चोरी के मामले में खुखुन्दू पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को नूनखार-परसिया मिश्र मार्ग तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विवेक यादव (34) पुत्र स्व. राजेन्द्र यादव निवासी ग्राम शेरवां बभनौली, डुमरिया टोला, थाना खुखुन्दू, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना खुखुन्दू में मु0अ0सं0 298/26 धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।बताया गया कि वादी रवि सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर सूचना दी थी कि 5/6 नवंबर की रात खुखुन्दू बाजार स्थित उनकी अंग्रेजी शराब की कंपोजिट दुकान में अज्ञात चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी की तलाश की जा रही थी। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में खुखुन्दू पुलिस ने गिरफ्तारी की। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ देवरिया के बनकटा, भटनी, खामपार, खुखुन्दू, कोतवाली और लार थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामबहादुर श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह, कांस्टेबल जयराम गुप्ता और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।