
डीएम ने अधिकारियों को प्रचार-प्रसार तेज करने के दिए निर्देश, तहसीलों और नगरीय निकायों में स्थापित होंगे कंट्रोल रूम
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनगणना-2027 को सफल और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत आगामी 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें अधिक से अधिक परिवारों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और प्रचार-प्रसार में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वगणना की सफलता जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि 16 नवंबर से निर्धारित अवधि के दौरान अधिकाधिक नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण करें और प्रगणकों को सक्रिय करते हुए उन्हें जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करें।डीएम ने कहा कि स्वगणना केवल विभागीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें जितने अधिक परिवार शामिल होंगे, जनगणना की प्रक्रिया उतनी ही सुगम होगी और सही व विश्वसनीय आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित समाज के प्रभावशाली वर्गों के साथ बैठक कर उनका सहयोग लेने पर भी जोर दिया।ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी को डुग्गी-मुनादी कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों, सरकारी कार्यालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वगणना से संबंधित प्रचार सामग्री प्रदर्शित कराने को कहा गया, ताकि आमजन को इसकी प्रक्रिया और महत्व की जानकारी मिल सके।कार्य की नियमित निगरानी और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और नगरीय निकायों में जनगणना संबंधी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से स्वगणना की प्रगति पर नजर रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार कार्यों का पर्यवेक्षण किया जाएगा।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रियाओं और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने जनगणना आयुक्त एवं निदेशक, जनगणना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध ढंग से संपादित करने पर बल दिया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, समस्त चार्ज अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
