अयोध्या में राष्ट्रीय सेवारत्न सम्मान से सम्मानित होंगे देवरिया पुलिस के रक्तवीर सौरभ त्रिपाठी

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। अयोध्या धाम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सेवारत्न सम्मान समारोह-2026 में देवरिया पुलिस के रक्तवीर सौरभ त्रिपाठी को समाज एवं मानवता की सेवा के लिए राष्ट्रीय सेवारत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन की ओर से 11 से 13 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, समारोह में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के अलावा नेपाल, भूटान सहित अन्य देशों से भी समाजसेवी और रक्तवीर शामिल होंगे। आयोजक आकाश गुप्ता की ओर से चयनित रक्तवीरों को आमंत्रण भेजा गया है।
महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रक्तदान से जुड़े अनुभव साझा करना और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान वृहद रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा, जिसमें प्रतिभागी रक्तदान करेंगे।
सौरभ त्रिपाठी वर्ष 2019 से रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में 19 बार स्वयं रक्तदान कर चुके हैं और कई रक्तदान शिविरों के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनकी सेवाओं के लिए अलग-अलग राज्यों की सामाजिक संस्थाओं की ओर से उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में भी उन्हें सेवारत रक्तवीर के रूप में सम्मान मिला था।
सौरभ त्रिपाठी ने जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने के उद्देश्य से ‘देवरिया पुलिस रक्तदान समूह’ नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस माध्यम से पुलिसकर्मियों और युवाओं को रक्तदान के लिए जोड़ते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा रही है। उनके प्रयासों से देवरिया में युवा रक्तवीरों की एक सक्रिय टीम तैयार हुई है, जो जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दे रही है।
सौरभ त्रिपाठी की इस सेवा भावना को देवरिया के युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले इस सम्मान की खबर से रक्तदान एवं सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों में खुशी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।