छह दिव्यांगजनों को वितरित की गई व्हीलचेयर, स्वरोजगार के लिए कौशल का उपयोग करने का आह्वान

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नानपारा अगैया स्थित 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से पंचायत भवन बलाई गांव में गृह मंत्रालय के नागरिक कल्याण कार्यक्रम एवं सामाजिक चेतना अभियान के तहत कौशल प्रशिक्षण एवं व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ना तथा दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम के दौरान मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 20 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र मिलने के बाद प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह नजर आया। एसएसबी अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को अर्जित कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए करने के लिए प्रेरित किया।वहीं, कार्यक्रम में छह दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर वितरित की गई। व्हीलचेयर मिलने से दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने राहत जताई। एसएसबी की ओर से कहा गया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न स्तरों पर सहयोग और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम का समापन 59वीं वाहिनी के कमांडेंट कैलाश चन्द रमोला ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलने से वे अपने हुनर के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का बेहतर उपयोग करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।कमांडेंट ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए भविष्य में मधुमक्खी पालन, प्लंबिंग और सोलर लाइट रिपेयरिंग सहित अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोग, ग्राम प्रधान, एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एसएसबी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक साबित होंगे।