गुड मॉर्निंग देवरिया: सुबह-सुबह सड़कों पर उतरी पुलिस, बुजुर्गों से संवाद और बालिकाओं को सुरक्षा का संदेश


देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। जिले में आमजन की सुरक्षा और पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने के लिए गुरुवार सुबह “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने पार्क, स्टेडियम, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास निगरानी बढ़ाई।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने सुबह टहलने निकले महिला-पुरुषों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने। मॉर्निंग वॉकर्स को सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की सक्रियता भी जांची गई।
बुजुर्गों से आत्मीय संवाद
पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बुजुर्ग नागरिकों से भी बातचीत की। उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
संदिग्धों और वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
बालिकाओं को हेल्पलाइन की जानकारी
महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय एवं कोचिंग जाने वाली छात्राओं से संवाद किया। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए जागरूक किया गया। छात्राओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाना भी है। सुबह के समय पुलिस की मौजूदगी से महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।