महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। आरक्षण व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर सवर्ण समाज के संगठनों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। अखिल क्षत्रिय महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद, सवर्ण आर्मी और कायस्थ एकता परिषद सहित कई संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में 10 सितंबर को महराजगंज कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।संगठनों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को दोपहर तीन बजे कार्यकर्ता और पदाधिकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय के समीप स्थित धरना स्थल पर एकत्र होंगे। इसके बाद शाम चार बजे जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।ज्ञापन के माध्यम से संगठनों की ओर से यूजीसी के नए प्रावधानों को वापस लेने, जातिगत आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर इसे आर्थिक आधार पर लागू करने, एससी-एसटी एक्ट को समाप्त करने तथा सवर्ण समाज के हितों और समस्याओं के समाधान के लिए सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठाई जाएगी।कार्यक्रम को लेकर संगठनों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अखिल क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह और जिला महामंत्री श्रीराम शाही ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए सभी संगठनों का एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों, पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों से निर्धारित समय पर धरना स्थल पर पहुंचने की अपील की है।आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन के माध्यम से विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाएगी।