वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)। महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के बाबतपुर में 10 हजार महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर दो बजे आयोजित होगा।
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान पाने वाली महिलाओं में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सदस्य, सफाईकर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, पंचायत सहायक, आशा संगिनी, एएनएम, शिक्षामित्र, रसोइया और शौचालय केयरटेकर सहित समाज के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने वाली महिलाएं शामिल होंगी।
विधायक ने बताया कि महिला सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों की भी मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह भी मौजूद रहे।