हाटा और कप्तानगंज में 11 व 12 सितंबर को होगा पहचान एवं मापन शिविर

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। समग्र शिक्षा अभियान के तहत समेकित शिक्षा योजना में विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण एवं यंत्र उपलब्ध कराने के लिए एलिम्को, कानपुर के सहयोग से पहचान एवं मापन शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने अभिभावकों से पात्र बच्चों को शिविर में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कराने की अपील की है।उन्होंने बताया कि विकास खंड हाटा के बीआरसी हाटा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में 11 सितंबर 2026 को तथा विकास खंड कप्तानगंज के बीआरसी कप्तानगंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में 12 सितंबर 2026 को पहचान एवं मापन शिविर लगाया जाएगा। मापन के बाद उपकरण वितरण शिविर हाटा में 27 नवंबर और कप्तानगंज में 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।शिविर में शारीरिक, बौद्धिक, दृष्टि तथा वाक्-श्रवण दिव्यांगता वाले बच्चों को योजना का लाभ दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हाटा और कप्तानगंज विकास खंडों के स्पेशल एजुकेटर्स एवं फिजियोथेरेपिस्ट को निर्देश दिया है कि क्षेत्र के को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र, बाल वाटिका तथा बेसिक शिक्षा विभाग के सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत संबंधित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।शिविर में आने वाले बच्चों के अभिभावकों को निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगता प्रदर्शित करने वाले दो फोटो की छायाप्रति और मूल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। संबंधित बच्चे की शिविर में निर्धारित तिथि और स्थल पर उपस्थिति भी आवश्यक होगी।
पात्र बच्चों के ऑनलाइन डाटा की एंट्री स्पेशल एजुकेटर्स एवं फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अधिक से अधिक पात्र बच्चों को शिविर में लाकर योजना का लाभ दिलाने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।