संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। लोक अदालत में मोटर दुर्घटना से जुड़े ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा, जिनमें पक्षकार आपसी सुलह-समझौते के लिए तैयार हैं।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किए जा सकने वाले मोटर दुर्घटना वादों को चिह्नित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाया जा रहा है। संबंधित पक्षकारों को 12 सितंबर को उपस्थित होने के लिए नोटिस भी तामील कराए जा रहे हैं।
पीठासीन अधिकारी ने पक्षकारों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विवादों के समाधान के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत सरल और प्रभावी विकल्प है। बैठक में बीमा कंपनियों के अधिवक्ता भी मौजूद रहे।

न्यायालय परिसर में लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में आम जनमानस के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्राथमिक उपचार के साथ नेत्र जांच, दंत रोग परीक्षण और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं।