43 बस्तियों के 5,578 परिवारों के 24,105 सदस्यों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य
कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। मुसहर समुदाय के पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले की 43 मुसहर बस्तियों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। 7 से 18 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत करीब 5,578 परिवारों के 24,105 सदस्यों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की ओर से कैंपों का रोस्टर जारी किया गया है।जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शरण कुमार ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों और सदस्यों को चिह्नित कर उन्हें पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। कैंपों में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह, जॉब कार्ड, व्यक्तिगत शौचालय, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, विद्युत कनेक्शन, हर घर जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण किया जा रहा है।इसके अलावा टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, शादी अनुदान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आंगनबाड़ी पुष्टाहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, श्रम कार्ड, संत रविदास प्रोत्साहन योजना तथा विद्यालयों में बच्चों के नामांकन जैसी योजनाओं से भी पात्र लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है।रोस्टर के अनुसार 7 सितंबर को कसया के अन्धया, फाजिलनगर के रहसू जनूबी पट्टी, तमकुही के डिबनी बंजरवा, सेवरही के दोमाठ, दुदही के सोरहवा, विशुनपुरा के जंगल सिंघापट्टी, पडरौना के जंगल नाहर छपरा (बड़ा सेमरहना), खड्डा के शिवपुर तथा रामकोला के कुसम्हा में कैंप लगाए गए। 8 सितंबर को कसया के मैनपुर, फाजिलनगर के बनकटा बाजार, तमकुही के बरवा राजापाकड़, सेवरही के गाजीपुर, दुदही के चाफ, विशुनपुरा के जंगल शाहपुर, पडरौना के सखवनिया बुजुर्ग और खड्डा के भगवानपुर में कैंप आयोजित हुए।प्रत्येक मुसहर बस्ती के लिए जनपद स्तर से नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। उनकी निगरानी में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, विद्युत, जल निगम, कृषि, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, श्रम, बेसिक शिक्षा और राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने 7 सितंबर को पडरौना के जंगल नाहर छपरा और 8 सितंबर को कसया के मैनपुर स्थित मुसहर बस्ती में आयोजित कैंप का निरीक्षण किया। मैनपुर कैंप में पंजीकरण काउंटर पर 59 लोगों का पंजीकरण पाया गया। इनमें 20 लोगों का आयुष्मान कार्ड, 53 का अपार आईडी और एक लाभार्थी का दिव्यांग पेंशन के लिए पंजीकरण शामिल था। अन्य योजनाओं के लिए भी संबंधित विभागों के काउंटरों पर पंजीकरण किया गया।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ऐसे मुसहर परिवारों और सदस्यों का डोर-टू-डोर सर्वे कराने के निर्देश दिए, जिनके आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बने हैं। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई कर उनके आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को कहा, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन परिवारों के आधार कार्ड बने हैं और वे योजनाओं के लिए पात्र हैं, लेकिन अभी तक लाभ से वंचित हैं, उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, पुष्टाहार, आवास, शौचालय, विद्युत कनेक्शन और हर घर जल सहित पात्रतानुसार सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।अभियान का उद्देश्य मुसहर समुदाय के पात्र परिवारों और सदस्यों को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को सुनिश्चित करना है।