हर विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार कार्ड बनाने का लक्ष्य, 17 से 29 सितंबर तक विशेष शिविर
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बीओसीडब्ल्यू (भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार) श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं श्रम विभाग की संयुक्त समन्वय बैठक में अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई।बैठक में जीरो पावर्टी के तहत चिन्हित एवं पंजीकृत बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों तथा उनके परिवारों के करीब 38,736 परिवारों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने सभी विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने 17, 21, 23, 25 और 29 सितंबर को विशेष कैंप आयोजित करने को कहा। कार्ड बनने के बाद तहसील स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जाएंगे।लाभार्थियों का विस्तृत डाटा सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव, आशा, एएनएम, सीएचओ, पंचायत सहायक एवं रोजगार सेवक पात्र लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें शिविर तक पहुंचाने और आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करेंगे।जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा इसे मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों और उनके परिवारों को अधिकतम कवरेज उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड के लाभ से वंचित न रहे।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
