Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसड़क दुर्घटना में अधेड़ घायल

सड़क दुर्घटना में अधेड़ घायल

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। पकड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर-नगरा मार्ग पर स्थित डंकिनगंज पेट्रोल पंप के पास रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हाजिया रामपुर गांव के ढोढवा निवासी जीतेन्द्र कुमार पुत्र स्व. हंसनाथ राम के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने निजी कार्यों से सिकंदरपुर गए थे और कार्य समाप्ति के बाद बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे डंकिनगंज पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीतेंद्र बाइक समेत सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गए। सौभाग्यवश उसी मार्ग से बीएड प्रवेश परीक्षा की ड्यूटी समाप्त कर पकड़ी थाना पर तैनात एक उपनिरीक्षक (एसआई) लौट रहे थे। उनकी नजर सड़क किनारे पड़े घायल व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए आसपास के लोगों की मदद से घायल जीतेंद्र को लखनापार चट्टी स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी तत्काल क्लिनिक पहुंचे। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल मऊ लेकर रवाना हो गए, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments