बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर-बेल्थरा रोड मुख्य मार्ग पर रुद्रवार स्थित काली माता मंदिर के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 52 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान नवानगर ब्लॉक के उसरी गांव निवासी जयप्रकाश यादव (52) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से नहर के रास्ते मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की तरफ से तेज गति से आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल सवार युवक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयप्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक दूसरे बाइक सवार युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।
