सीमा शुल्क चोरी कर ले जाए जा रहे 94.84 लाख नेपाली रुपये के सामान के साथ पिकअप बरामद, चालक फरार

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी के बीच नेपाल के नवलपरासी जिले में मोबाइल एसेसरीज की बड़ी खेप पकड़ी गई। इलाका प्रहरी कार्यालय महेशपुर और सशस्त्र प्रहरी बल भूजहवा बीओपी की संयुक्त टीम ने सरावल गाउँपालिका-7 के भूजहवा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सीमा शुल्क चोरी कर भारत से नेपाल ले जाए जा रहे मोबाइल एसेसरीज बरामद किए। बरामद सामान की कीमत करीब 94 लाख 84 हजार नेपाली रुपये आंकी गई है। सामान की भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही चालक वाहन को लॉक कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में मोबाइल एसेसरीज और अन्य सामान बरामद हुआ।तलाशी के दौरान पिकअप से 2,294 पीस मोबाइल एयरपोड्स बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 22 लाख 94 हजार नेपाली रुपये बताई गई। इसके अलावा 44,300 पीस टेम्पर्ड ग्लास मिले, जिनकी कीमत करीब 70 लाख 95 हजार नेपाली रुपये आंकी गई। वाहन से 930 पीस मोबाइल कवर और एक बोरा प्लास्टिक भी बरामद हुआ। मोबाइल कवर की कीमत करीब 93 हजार और प्लास्टिक की कीमत करीब दो हजार नेपाली रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल एसेसरीज और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 94 लाख 84 हजार नेपाली रुपये है। इसके साथ ही पिकअप वाहन की कीमत करीब 20 लाख नेपाली रुपये आंकी गई है। इस तरह सामान और वाहन को मिलाकर बरामदगी का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार नेपाली रुपये बताया गया है।पुलिस ने लु. 3 च. 2939 नंबर की पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है। चालक के मौके से फरार होने के बाद पुलिस अब बरामद खेप के वास्तविक मालिक और इसे सीमा पार पहुंचाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल एसेसरीज भारत से नेपाल किसके लिए और कहां पहुंचाई जा रही थी।बरामद सामान और वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया है। जिला प्रहरी कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।भारत-नेपाल सीमा पर मोबाइल एसेसरीज की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद सीमा शुल्क चोरी और तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और कड़ी होने की संभावना है।