सभासद ने ईओ को सौंपा शिकायती पत्र, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और अभिलेखों की जांच कराने की मांग
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नगर पंचायत मगहर के गांधी आश्रम वार्ड में हो रहे नाली निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जिले लेकर मनोनीत सभासद गौरव कुमार निषाद ने अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और जांच पूरी होने तक ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग की है।
सभासद श्री निषाद ने निर्माण में मानकविहीन सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताते हुए ईंट, सीमेंट, बालू और गिट्टी की गुणवत्ता की जांच कराने को कहा है। उन्होंने कार्य से संबंधित स्वीकृत प्रस्ताव, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति, आगणन, कार्यादेश, निविदा, माप पुस्तिका, बिल-वाउचर और भुगतान विवरण की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी हैं।
पत्र में निर्माण स्थल का निरीक्षण कर वास्तविक कार्य का स्वीकृत मानकों से मिलान कराने तथा गुणवत्ता जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। सभासद ने आवेदन प्राप्त होने के तीन कार्यदिवस के भीतर अभिलेख उपलब्ध कराने और कोई अभिलेख उपलब्ध न होने की स्थिति में उसका कारण लिखित रूप से बताने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष तकनीकी जांच पूरी होने, गुणवत्ता रिपोर्ट मिलने और निर्माण कार्य के मानकों पर खरा उतरने की पुष्टि होने तक संबंधित ठेकेदार या कार्यदायी संस्था का अंतिम भुगतान न किया जाए। जांच में घटिया सामग्री अथवा मानकों के विपरीत निर्माण की पुष्टि होने पर जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोषपूर्ण निर्माण को दुरुस्त कराया जाए।
इस संबंध में जिलाधिकारी और स्थानीय निकाय निदेशक, उत्तर प्रदेश शासन को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
