कौड़ीराम/गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गजपुर गांव निवासी एक युवक की गुजरात में चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान अभिषेक त्रिपाठी (25) पुत्र संतोष त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह गुजरात की एक निजी कंपनी में प्रोसेस इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, 2 मई को अभिषेक भरूच स्टेशन से ट्रेन द्वारा यात्रा कर रहा था। इसी दौरान पालेज स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरने से उसकी मौत हो गई।
परिवार लगातार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश करता रहा, लेकिन दुर्घटना में मोबाइल क्षतिग्रस्त होने के कारण फोन बंद बता रहा था। बाद में एक पुलिसकर्मी ने मोबाइल से सिम निकालकर अपने फोन में लगाया, तभी मृतक के पिता संतोष त्रिपाठी का कॉल आया और हादसे की जानकारी परिवार को मिली।
ये भी पढ़े – मरीजों की सुविधाओं पर डीएम गंभीर, देवरिया मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
सूचना मिलने के बाद पिता गुजरात पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बुधवार को बड़हलगंज स्थित मुक्ति पथ पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया, जहां पिता ने नम आंखों से अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपनी मां से रोज दिन में दो बार फोन पर बात करता था। घटना वाले दिन उसका फोन न आने पर मां को अनहोनी की आशंका होने लगी थी। बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल को ही उसकी सगाई हुई थी और अगले वर्ष फरवरी में शादी तय थी।
युवक की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
