नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस का शिकंजा, अभिभावकों और वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सड़क हादसों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने ई-रिक्शा की जांच की। इस दौरान चालकों के लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज और यातायात नियमों के अनुपालन की पड़ताल की गई।
जांच के दौरान नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने और आवश्यक कागजात के अभाव के मामले सामने आए। पुलिस ने ऐसे 91 ई-रिक्शा सीज कर दिए। वहीं क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 215 ई-रिक्शा के चालान किए गए।
अचानक हुई कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में काफी हलचल रही। पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान अभिभावकों और वाहन स्वामियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि नाबालिगों को ई-रिक्शा अथवा अन्य वाहन चलाने के लिए न सौंपें।
पुलिस ने कहा कि भविष्य में नाबालिग के वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी और अभिभावक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने की अपील की।
पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।