शहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में अंतिम संस्कार के दौरान चिता की आग में मीट पकाने के आरोप से जुड़े मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि घटना का विरोध करने पर परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में नत्थापुर निवासी वीरपाल पुत्र छोटेलाल की तहरीर पर 20 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के आधार पर रामचरन पुत्र रामलाल, राजेन्द्र पुत्र झब्बूलाल और सुरेन्द्र सिंह पुत्र रामेन्द्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 301, 352 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने वीरपाल के पिता के अंतिम संस्कार के दौरान चिता की आग में मीट पकाया। परिजनों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को नत्थापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रामचरन और राजेन्द्र का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। तीनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक रामवीर, कांस्टेबल अक्षय बालियान और कांस्टेबल विष्णु कुमार शामिल रहे।