
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। पूवायां थाना क्षेत्र के नथ्यापुर गांव में रविवार को अंतिम संस्कार के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मृतक के परिजनों ने तीन युवकों पर जलती चिता की आग पर मांस पकाने का आरोप लगाया। परिजनों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी मोटरसाइकिल से मौके से निकल गए। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
नथ्यापुर निवासी 60 वर्षीय छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार उनका अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद परिवार के अधिकांश लोग वहां से लौट गए।
मृतक के बेटे वीरपाल के अनुसार, कुछ देर बाद वह दोबारा श्मशान घाट पहुंचे तो चिता के पास तीन लोग मौजूद दिखाई दिए। वीरपाल का आरोप है कि तीनों जलती चिता की आग का इस्तेमाल कर एक बर्तन में मांस पका रहे थे। यह देखकर उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मिलकर युवकों को पकड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में तीनों पर उनके पिता की जलती चिता की आग पर मांस पकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले को आपत्तिजनक बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पूवायां के सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। तहरीर में लगाए गए आरोप और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
