
एसपी अभिजित आर. शंकर ने भटनी थाने में सुनीं जनसमस्याएं, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर पहुंचकर उनका निस्तारण कराया।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने थाना भटनी पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल छह प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने थाना तरकुलवा में जनसुनवाई की, जहां छह शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।थाना समाधान दिवस को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए इस बार डेस्क सिस्टम के तहत जनसुनवाई की व्यवस्था की गई। इसके अंतर्गत संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी ने सर्किल और थाना स्तर पर, जबकि हल्का प्रभारी एवं बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने हल्के, ग्राम और बीट स्तर पर डेस्क लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को समस्याओं का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जनपद के सभी थानों पर आयोजित समाधान दिवस में कुल 96 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 59 मामले राजस्व विभाग से तथा 37 मामले पुलिस विभाग से संबंधित थे। इनमें से नौ प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, पुलिस की जवाबदेही तय करने और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए इस तरह की व्यवस्था आगे भी प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगी।
