वाहेगुरु के सिमरन और कीर्तन से गूंजे नगर के मार्ग, निशान साहिब की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सिख पंथ के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव को लेकर नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को लगातार आठवें दिन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। निशान साहिब की अगुवाई में निकली प्रभातफेरी में महिला, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रभातफेरी के दौरान वाहेगुरु के सिमरन, मधुर कीर्तन और ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। प्रभातफेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, सब्जी मंडी, ओम पिक्चर, जनता चौक और फल मंडी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेशों का स्मरण करते हुए भजन-कीर्तन करते रहे। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभातफेरी का स्वागत किया।नगर भ्रमण के बाद प्रभातफेरी पुनः गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुई। इसके उपरांत गुरु दरबार में विधिवत अरदास की गई और श्रद्धालुओं के बीच कड़ा प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान सरदार मंजीत सिंह, परमजीत सिंह उर्फ बाबी, ज्ञान मोहन सिंह, सोनू सिंह, तेज प्रताप सिंह, अमरिंदर सिंह, राजपाल सिंह, इंद्रपाल सिंह, रंजीत कौर, नीना कौर, रजिंदर कौर और मनजीत कौर सहित सिख समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में लगातार आठ दिनों से निकाली जा रही प्रभातफेरी ने नगर में धार्मिक सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की है। गुरु नानक देव जी की वाणी और उनके मानवता, समानता तथा सेवा के संदेशों से श्रद्धालु आध्यात्मिक रूप से जुड़ रहे हैं।