सिकंदरपुर के रुद्रवार गांव का निवासी है आरोपी, गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमों में था वांछित
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बलिया जिले के नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।एसटीएफ के उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 12 नवंबर को सूरत शहर के पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर आशापुरी सोसाइटी-02, गोवलनगर रोड पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसका न्यू सिविल हॉस्पिटल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, सूरत में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे सूरत की नौवीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।न्यायालय से 14 नवंबर को दोपहर दो बजे तक ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एसटीएफ की टीम आरोपी को लेकर बलिया पहुंची। गिरफ्तार अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव का निवासी है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से संबंधित चार अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। इनमें दो मामले नगरा थाने और दो बलिया कोतवाली में दर्ज हैं। इस तरह आरोपी के खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।लंबे समय से फरार चल रहे मुन्ना गोड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ की इस कार्रवाई को गैर जनपद में छिपकर रह रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ के अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
