बलिया (राष्ट्र की परम्परा)।घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। परिवार पर्व की खुशियों में जुटा था, लेकिन अचानक आई एक दुखद खबर ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। महरो गांव निवासी 55 वर्षीय गोविंद ठाकुर की नहर की पुलिया से नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गोविंद ठाकुर शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे नहर की पुलिया पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक वह नीचे नहर में गिर गए। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद ज्ञानकुंज स्कूल की छुट्टी होने पर बच्चों को लेकर एक बस वहां से गुजरी। बस में सवार बच्चों ने नहर में एक व्यक्ति को गिरा देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर बस चालक ने तत्काल बस रोक दी और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में उतरकर गोविंद ठाकुर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उस समय नहर में छिटपुट पानी ही मौजूद था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान महरो गांव निवासी गोविंद ठाकुर के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोविंद ठाकुर की मौत की खबर मिलते ही घर में छठ पूजा की तैयारियां थम गईं। पत्नी अमरावती, तीन बेटों और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में पर्व को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
