खेत से पिता को खाना देकर लौट रही थी लवली शर्मा, काली मंदिर के पास हुआ हादसा; परिवार में मचा कोहराम
बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बरहज थाना क्षेत्र के बिजलापार गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय किशोरी की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। गांव में शौचालय निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से हुई इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के अनुसार, बिजलापार निवासी लवली शर्मा (8) बुधवार शाम अपने पिता को खेत में खाना देने गई थी। खाना देकर घर लौटते समय वह गांव के काली मंदिर के पास पहुंची, तभी शौचालय निर्माण के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई।उधर, काफी देर तक लवली के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीणों ने आसपास तलाश की। इसी दौरान गड्ढे में झांककर देखने पर लवली पानी में मृत अवस्था में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि किशोरी के शव को मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा।
