आनंद नगर मंडी के आठ क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों की सुविधा और समय से भुगतान सुनिश्चित करने की दी हिदायत

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। धान खरीद में पारदर्शिता और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आनंद नगर मंडी परिसर में संचालित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था की स्थिति परखी और केंद्र प्रभारियों को किसानों के प्रति संवेदनशीलता बरतने तथा समय से धान खरीद और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि आनंद नगर मंडी में कुल आठ धान क्रय केंद्र संचालित हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के चार, नेफेड के तीन और मंडी समिति का एक क्रय केंद्र शामिल है। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर खरीद की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान खाद्य विभाग के आनंद नगर मंडी द्वितीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी सत्येंद्र सिंह का 43.20 क्विंटल तथा तृतीय केंद्र पर अजय प्रताप सिंह का 43.20 क्विंटल धान तौला जा रहा था।डीएम ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ विनम्र व्यवहार करें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने दें। सभी प्रभारी निर्धारित समय पर केंद्रों पर उपस्थित रहें और अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद सुनिश्चित करें। उन्होंने खरीदे गए धान का समय से संबद्ध राइस मिलों को प्रेषण कराने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में क्रय केंद्रों पर धान लंबित नहीं रहना चाहिए।मंडी परिसर की जर्जर सड़कों और अन्य अव्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। मंडी सचिव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए मई माह में ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी, लेकिन कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर डीएम ने निर्माण कार्य में देरी को गंभीरता से लेते हुए उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि धान विक्रय के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल अथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराएं। समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे बैंक खाते में प्राप्त करने के लिए बैंक खाते को आधार से लिंक कराने के साथ ही एनपीसीआई से मैपिंग भी अवश्य करा लें।निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार वशिष्ठ, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।