
चितरंगी/मप्र (राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चितरंगी में बुधवार को सितंबर माह की अंतिम तिथि पर एकेडमिक मीट आयोजित की गई। बैठक में एंकर स्कूल चितरंगी और कैंपस स्कूल लालमाटी के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने त्रैमासिक परीक्षा के कक्षा-वार और विषय-वार परिणामों की समीक्षा की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा जिन विषयों में सुधार की आवश्यकता है, उनसे संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रगति के आधार पर शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदमों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षक डायरी, छात्र डायरी और लेशन प्लान को नियमित रूप से अपडेट करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति, एनएमएमएसएस की कक्षाओं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, ओलंपियाड, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा और दक्षता कक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। शिक्षकों ने इन गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सुझाव साझा किए।
विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए शिक्षकों ने उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर अपने विचार रखे। आगामी माह में शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी सहमति बनी।
