बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर आवेदन की तारीख बदली, 4 अक्टूबर से भर सकेंगे फॉर्म

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बिहार में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया का कार्यक्रम बदल दिया है। अब शिक्षक 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होनी थी।
1 अक्टूबर को जारी होगी खाली पदों की सूची
शिक्षा विभाग के नए कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की सूची जारी की जाएगी। इस सूची में स्कूलवार उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी दी जाएगी। शिक्षक इसी आधार पर अपनी पसंद के स्कूलों का चयन कर सकेंगे।
पसंद के क्रम में चुन सकेंगे स्कूल
4 से 10 अक्टूबर के बीच ऑनलाइन आवेदन करते समय शिक्षक स्थानांतरण के लिए अपनी पसंद के स्कूलों का चयन क्रमवार कर सकेंगे। जिस स्कूल में जाने की प्राथमिकता अधिक होगी, उसे सूची में ऊपर रखा जा सकेगा।
12 अक्टूबर से शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों के स्थानांतरण की सूची जारी की जाएगी। यदि किसी शिक्षक को स्थानांतरण सूची को लेकर आपत्ति या शिकायत होगी, तो उसे दर्ज कराने का अवसर भी दिया जाएगा। प्राप्त शिकायतों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार संशोधित कार्यक्रम के तहत स्थानांतरण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर के बीच पूरी की जानी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की परिस्थितियों के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब शिक्षकों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही आवेदन करना होगा।
