
बम के धमकी के बाद प्लेटफॉर्म से ट्रेनों तक चला सघन जांच अभियान
पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पटना सिविल कोर्ट, नगर निगम समेत राजधानी के कई अहम संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद शनिवार को पटना जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और दानापुर मंडल के डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त रूप से कई घंटे तक व्यापक जांच अभियान चलाया।
एएसपी रेल पटना भास्कर रंजन के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 10 तक बारीकी से जांच की गई। लंबी दूरी की ट्रेनों की बोगियों, पार्सल घर, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालयों की तलाशी ली गई। इसके अलावा पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की भी खुलवाकर जांची गई।
डॉग स्क्वॉड ने स्टेशन परिसर में पड़े संदिग्ध बैग, कूड़ेदान और लावारिस सामान वाले स्थानों को विशेष रूप से जांचा। वहीं स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यात्रियों और उनके सामान की जांच हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) तथा डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) से की गई।
अचानक बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था से स्टेशन पर यात्रियों के बीच कुछ देर कौतूहल की स्थिति रही। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को जांच अभियान की जानकारी देकर सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की।
जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
कई घंटे चले सघन जांच अभियान के दौरान पटना जंक्शन और सर्कुलेटिंग एरिया से कोई आपत्तिजनक या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एएसपी रेल ने कहा कि धमकी भरे ई-मेल को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
रेल पुलिस और आरपीएफ ने लाउडस्पीकर के जरिए यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की। यात्रियों को निर्देश दिया गया कि कोई लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर तत्काल ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दें।
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पटना जंक्शन और आसपास के रेल क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को लेकर लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
