
बलियापुर में ज्वेलर्स से आभूषणों से भरा बैग छीना, बाइक सवार बदमाश फरार

धनबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बलियापुर बाजार के हटिया रोड स्थित सोनी ज्वेलर्स के संचालक बैकुंठ ठाकुर से शनिवार शाम आभूषणों से भरा बैग छीनकर बाइक सवार दो युवक फरार हो गए। घटना करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद बाजार में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में पीछा किया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
दुकान बंद करते समय वारदात
बैकुंठ ठाकुर के अनुसार, वह रोज की तरह शनिवार को भी दुकान बंद कर आभूषणों को बैग में रखकर घर ले जाने की तैयारीO कर रहे थे। उन्होंने आभूषणों से भरा बैग जमीन पर रखा और दुकान के गेट में ताला लगाने लगे। इसी दौरान काले कपड़े पहने एक युवक वहां पहुंचा और मौका पाकर बैग उठा लिया।
बैग लेकर युवक कुछ दूरी पर मौजूद अपने साथी के साथ बाइक पर सवार हुआ और दोनों झरिया की ओर भागने लगे। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़े, लेकिन बाइक सवार तेज रफ्तार से भीड़भाड़ वाले रास्ते से निकल गए।
पुलिस ने किया पीछा, नहीं मिला सुराग
घटना की जानकारी मिलते ही बलियापुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में तलाश और पीछा किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका था। पुलिस ने दुकानदार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही बदमाशों के हुलिए और बाइक से संबंधित जानकारी जुटाई है।
आभूषणों की कीमत का आकलन जारी
बैग में रखे आभूषणों की कुल कीमत कितनी थी, इसका स्पष्ट आकलन फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और वारदात में प्रयुक्त बाइक का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
