बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कीकोड़ा गांव में साइबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक युवक जालसाजों की ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित मोहम्मद इजहार (पुत्र हसमुल्लाह) के खाते से साइबर अपराधियों ने एक ही बार में 98,000 रुपये साफ कर दिए।जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इजहार के मोबाइल पर एक सिस्टम या ऐप अपडेट का मैसेज आया था। जैसे ही पीड़ित ने अपने मोबाइल को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की, उसका फोन अचानक हैंग हो गया। कुछ ही देर बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ, तो बैंक से 98,000 रुपये कटने का मैसेज देखकर इजहार के होश उड़ गए।अचानक हुई इस ठगी से बदहवास पीड़ित ने तत्काल मामले की जानकारी सिकंदरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल को दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस और साइबर क्राइम टीम मामले की जांच में जुट गई है।गौरतलब है कि सिकंदरपुर क्षेत्र में इन दिनों साइबर ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। आए दिन निर्दोष लोग अनजाने लिंक पर क्लिक करके या फर्जी अपडेट के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, फोन अपडेट या अनजान मैसेज पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग जानकारी किसी से साझा करें।