इंदिरा बाल विहार में मिठाई बांटकर मना रहे थे खुशी, अचानक पहुंची पुलिस
गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l शहर के इंदिरा बाल विहार इलाके में शनिवार को उस समय अचानक हलचल तेज हो गई, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर फैलते ही छात्र नेताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर छात्रों की भीड़ जुट गई और माहौल उत्सव में बदल गया।
छात्र नेता सतीश प्रजापति अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए और राहगीरों सहित आसपास मौजूद लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर करने लगे। ढोल-नगाड़ों के बिना ही यहां जश्न का माहौल बन गया था। लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे थे और इसे छात्रों की जीत बता रहे थे।
सतीश प्रजापति ने मौके पर कहा कि यह दिन छात्रों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। उन्होंने कहा, आज हमारे लिए होली और दिवाली दोनों है। हम लंबे समय से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। यह लोकतंत्र की जीत है और देश के करोड़ों छात्रों के संघर्ष का परिणाम है।उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद समर्थकों ने भी खुशी जाहिर की और नारेबाजी की।
हालांकि, जश्न ज्यादा देर तक नहीं चल सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ियां इंदिरा बाल विहार में पहुंचीं और हालात को देखते हुए हस्तक्षेप किया। पुलिस ने जश्न मना रहे छात्र नेता सतीश प्रजापति को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति सड़क पर इस तरह की गतिविधियों से यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए एहतियातन कार्रवाई की गई। वहीं, छात्र नेताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से जश्न मनाने के बावजूद पुलिस ने अनावश्यक हस्तक्षेप किया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव जैसी स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात जल्द ही सामान्य हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुई इस घटना से इलाके में काफी भीड़ इकट्ठा हो गई थी, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है और हिरासत में लिए गए छात्र नेता से पूछताछ की जा रही है।
