Wednesday, June 10, 2026
HomeNewsbeatसस्टेनेबिलिटी एम्बेसडर ग्लोबल एक्सचेंज कार्यक्रम में डीडीयू के सात विद्यार्थियों का चयन,...

सस्टेनेबिलिटी एम्बेसडर ग्लोबल एक्सचेंज कार्यक्रम में डीडीयू के सात विद्यार्थियों का चयन, बेंगलुरु में लेंगे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन इको नेटवर्क द्वारा संचालित सस्टेनेबिलिटी एम्बेसडर ग्लोबल एक्सचेंज (सेज) 2026 कार्यक्रम के लिए जूनियर एम्बेसडर के रूप में किया गया है। चयनित विद्यार्थी बुधवार को बेंगलुरु के लिए रवाना हुए, जहां वे पूर्णतः वित्तपोषित प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में भाग लेंगे। प्रशिक्षण के उपरांत विद्यार्थी अपने चयनित विषयों पर सामुदायिक परियोजनाओं का संचालन करेंगे।
यह अवसर सामाजिक संस्था मेधा तथा विश्वविद्यालय के एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के संयुक्त सहयोग से विद्यार्थियों को प्राप्त हुआ है। उत्तर प्रदेश से कुल 15 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें आगरा से दो, लखनऊ से छह तथा डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय से सात छात्र शामिल हैं।
विश्वविद्यालय से चयनित विद्यार्थियों में अंशिका त्रिपाठी (बीए ऑनर्स तृतीय वर्ष), अविनाश यादव (एमए द्वितीय वर्ष अंग्रेजी), मोहम्मद यूसुफ (बीएससी ऑनर्स कृषि तृतीय वर्ष), मोहम्मद सादिक (बीकॉम तृतीय वर्ष), निर्मलेंदु (बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष), प्रिया यादव (भूगोल परास्नातक द्वितीय वर्ष) तथा सृष्टि जायसवाल (एमए समाजशास्त्र प्रथम वर्ष) शामिल हैं। विद्यार्थियों का चयन कठोर चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें आइडिया चयन एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे।
इको नेटवर्क एक वैश्विक मंच है, जो विज्ञान, समाज, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत और स्थानीय समुदायों को एक साथ जोड़कर सतत विकास से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर कार्य करता है। जलवायु परिवर्तन, कृषि, सार्वजनिक स्वास्थ्य, जल प्रबंधन और स्वच्छ शहरों जैसे विषयों पर केंद्रित यह नेटवर्क युवाओं को नेतृत्व और नवाचार के अवसर प्रदान करता है।
सेज कार्यक्रम इको नेटवर्क की प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को पर्यावरणीय एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान हेतु तैयार करना है। कार्यक्रम तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण बुधवार से आरंभ होगा, जिसमें भारत एवं विदेशों के विशेषज्ञों द्वारा गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। दूसरे चरण में विद्यार्थी अपने विचारों को समुदाय में लागू करते हुए परियोजनाओं पर कार्य करेंगे, जबकि तीसरे एवं अंतिम चरण में परियोजनाओं के प्रभाव का आकलन, रिपोर्ट लेखन तथा प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, वास्तविक कार्यानुभव प्राप्त करने, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप हासिल करने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ नेटवर्किंग करने तथा संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास के अवसर प्राप्त होंगे।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा, सामाजिक संवेदनशीलता और नवाचार क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चयनित छात्र अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे तथा अपने अनुभवों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान देंगे।
एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के अवसर विद्यार्थियों को व्यावसायिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनके दृष्टिकोण का विस्तार करते हैं, जिससे वे अपने शैक्षणिक एवं पेशेवर जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments