पुलिस भर्ती परीक्षा छूटने से बची, यूपी-112 की त्वरित कार्रवाई की हर ओर सराहना
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक अभ्यर्थी की परीक्षा छूटने से बचा ली। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे एक अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाकर यूपी-112 की टीम ने उसकी एक वर्ष की मेहनत को व्यर्थ होने से बचा दिया।
जानकारी के अनुसार अमन गुप्ता, निवासी श्याम विहार कॉलोनी, पहलवारा (जनपद बलरामपुर), पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रास्ते में विलंब होने के कारण वह दोपहर करीब 2:25 बजे परतावल चौराहे पर पहुंचे। परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद होने में केवल कुछ ही मिनट शेष थे, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई।
परेशान अभ्यर्थी ने तत्काल यूपी-112 पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही इवेंट संख्या-5561 के तहत पीआरवी-5813 पर तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद और उनकी टीम सक्रिय हो गई। पुलिस कर्मियों ने तुरंत अभ्यर्थी से संपर्क किया और उसे अपने वाहन में बैठाकर हूटर बजाते हुए परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गए।
पुलिस टीम की तेजी और सूझबूझ का परिणाम रहा कि अमन गुप्ता को ठीक 2:30 बजे, प्रवेश द्वार बंद होने से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया गया। समय पर पहुंचने के कारण वह भर्ती परीक्षा में शामिल हो सके।
परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अभ्यर्थी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यूपी-112 की त्वरित सहायता नहीं मिलती, तो उसकी एक वर्ष की कड़ी मेहनत और तैयारी व्यर्थ हो सकती थी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी यूपी-112 की कार्यशैली की सराहना की। लोगों का कहना था कि यह सेवा केवल आपातकालीन स्थितियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के लिए भरोसे और सहायता का मजबूत माध्यम बन चुकी है।
यूपी-112 की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
