बलिया (राष्ट्र क़ी परम्परा )
उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े लाइब्रेरियन पदों को लेकर उठी मांग पर राजभवन ने संज्ञान लिया है। सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर द्वारा 16 मार्च 2026 को भेजे गए पत्र के क्रम में राजभवन सचिवालय ने उच्च शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।जारी निर्देशों में प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा विभाग को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संबद्ध संस्थानों में खाली पड़े लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए। साथ ही पूर्व में इस विषय पर आयोजित बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।राजभवन ने अपने आदेश में विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा है कि लाइब्रेरियन जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पदों का लंबे समय तक खाली रहना शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करता है। इन पदों पर शीघ्र नियुक्ति से न केवल पुस्तकालय व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि छात्रों को बेहतर अध्ययन संसाधन भी उपलब्ध हो सकेंगे।इस संबंध में आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ सांसद को भी सूचनार्थ भेज दी गई है। सांसद के मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा ने इस पहल को छात्रों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे उच्च शिक्षण संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
