Thursday, February 5, 2026
HomeNewsbeatशोध पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 फरवरी से शुरू

शोध पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 फरवरी से शुरू

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी में प्रवेश हेतु शोध पात्रता परीक्षा (आरईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी से प्रारंभ होगी। इस सत्र में कुल 1011 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।

विश्वविद्यालय परिसर में 241 तथा सम्बद्ध महाविद्यालयों में 625 नियमित सीटों पर पीएचडी में प्रवेश किया जाना है। इसके अलावा स्ववित्तपोषित कार्यक्रमों की 90 सीटों और पार्ट टाइम पीएचडी की 55 सीटों पर भी प्रवेश होगा।

प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 फरवरी निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा मार्च के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय ने हाल के वर्षों में शोध के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण विभिन्न राष्ट्रीय रैंकिंग में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि इस सत्र से पहली बार इंजीनियरिंग, फार्मेसी, वाणिज्य, प्रबंधन और कृषि विषयों में स्ववित्तपोषित शोध कार्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शोध पात्रता परीक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों को श्रेष्ठ शोधार्थी प्राप्त होंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments