Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनोडल अधिकारी ने एक पेड़ मां के नाम थीम पर हरिशंकरी का...

नोडल अधिकारी ने एक पेड़ मां के नाम थीम पर हरिशंकरी का पौधा किया रोपित

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग के सचिव व जिले के नोडल अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम-2025 के तहत “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर हरिशंकरी का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी व अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी ने वन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा वृक्षारोपण हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग द्वारा 1234900 पौधे और अन्य विभागों द्वारा 1680340 पौधों को रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि त्योहार को परंपरागत रूप से मनाया जाए और शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नोडल अधिकारी ने जल जीवन मिशन, आईजीआरएस प्रकरणों का निस्तारण, शहर की साफ-सफाई, बरसात से पहले नालों की साफ-सफाई आदि के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने उप कृषि निदेशक से जनपद में बीज एवं खाद की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि कृषक हित से संबंधित समस्त कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments