
नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा)। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। हैरी बॉक्सर पर हत्या, धमकी और रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया गया हैरी बॉक्सर
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) एजेंसी के अधिकारियों ने हैरी बॉक्सर को कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है। आरोप है कि वह अमेरिका में बैठकर लॉरेंस गैंग की आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी दी थी। इस मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
हैरी बॉक्सर से पहले ये गैंगस्टर भी अमेरिका में पकड़े गए
हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी। इन दोनों पर भी भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
विदेशों में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ भारतीय एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
1 फरवरी 2026 को रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास शेट्टी टावर के बाहर 1 फरवरी 2026 की देर रात गोलीबारी हुई थी। हमलावरों ने घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे।
हालांकि, इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की गई थी।
हैरी बॉक्सर की अमेरिका में हिरासत के बाद इस मामले में जांच और आगे बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल, उसकी हिरासत के बाद भारत लाने की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
