
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। घुघली-शिकारपुर मार्ग पर रात बरवा खुर्द गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। एक साथ तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, महेशपुर बेलवा निवासी रामरतन (35) अपनी पत्नी यशोदा (32) के साथ कुशीनगर से घुघली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार अकबरपुर, पडरौना निवासी दुर्गेश (30) और घुघली थाना क्षेत्र के रानीपुर मझौआ निवासी राहुल यादव (22) शिकारपुर की तरफ जा रहे थे। बरवा खुर्द गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सड़क पर चारों लोग लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलने पर घुघली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. श्वेतांशु शाही ने जांच के बाद रामरतन और राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया।वहीं, गंभीर रूप से घायल यशोदा की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दुर्गेश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद करीब दस मिनट बाद उसने भी दम तोड़ दिया।एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंभीर रूप से घायल यशोदा की हालत को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं। घटना के बाद से गांवों और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और दोपहिया वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
