महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग गांव के टोला भरवलिया में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय पुनीता देवी पत्नी मनोज पाठक के रूप में हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया।जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात पुनीता देवी का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर जोगियाबारी चौकी प्रभारी पंकज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन विवाहिता ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठने से गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।