
गांव के बाहर खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण; फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए अहम साक्ष्य
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। परसा मलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक खेत में 18-19 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शिवनंदन गुप्ता पुत्र रमाचल गुप्ता के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में युवक का शव देखा। इसके बाद तत्काल परसा मलिक पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। युवक की असामान्य परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।गांव के बाहर खेत में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
