दिवाली की शाम पिता की लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक से की थी फायरिंग, असलहा और खोखा पुलिस ने कब्जे में लिया
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर अभिषेक सिंह सेंगर नामक आईडी से एक व्यक्ति का बंदूक से हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो अपलोड किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान अभिषेक सिंह पुत्र स्वर्गीय कल्याण सिंह, निवासी आनंद नगर, थाना बघौचघाट, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभिषेक सिंह ने बताया कि उसने 8 नवंबर 2026 को दीपावली की शाम अपने पिता की लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक में एक कारतूस डालकर हवाई फायरिंग की थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बघौचघाट पुलिस ने आरोपी अभिषेक सिंह को हिरासत में लेकर फायरिंग में प्रयुक्त बंदूक और मौके से संबंधित खोखे को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर श्री संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की गई थी। जांच में आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर असलहा और खोखा अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
