दीपावली पर आयोजित जय बुढ़वा बाबा ग्रामीण दौड़ प्रतियोगिता में यूपी और बिहार के धावकों ने दिखाया दमखम, हजारों खेल प्रेमियों ने बढ़ाया उत्साह

अमित त्रिपाठी/मऊ(राष्ट्र की परम्परा) दीपावली के पावन पर्व पर दयानंद इंटर कॉलेज, इटैली के खेल मैदान में जय बुढ़वा बाबा ग्रामीण दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 1600, 3000 और 5000 मीटर की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय जनपद के अलावा पड़ोसी जिलों तथा बिहार से आए धावकों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने अलग-अलग दौड़ का फीता काटकर किया। भाजपा नेता शक्ति सिंह ने 1600 मीटर दौड़ का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं सपा नेता सुजीत सिंह ने 3000 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाई। 5000 मीटर दौड़ का शुभारंभ आलोक सिंह एवं अशोक सिंह ने कराया।प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में अर्चना ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय और अंतिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 1600 मीटर बालक वर्ग में दिलीप सैनी ने प्रथम, लोहा यादव ने द्वितीय तथा किशन राजभर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी क्रम में 3000 मीटर बालक वर्ग में राहुल यादव प्रथम, ऋषि द्वितीय और विष्णु राजभर तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 5000 मीटर की रोमांचक दौड़ रही, जिसमें विद्यासागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सत्यम द्वितीय और अनिल तृतीय स्थान पर रहे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को साइकिल, मेडल एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पंखा, प्रेस, मेडल तथा नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।दयानंद इंटर कॉलेज के मैदान में हजारों की संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ धावकों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से पूरे क्षेत्र में खेल और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का संदेश गया।कार्यक्रम के आयोजक अंशुमान सिंह विशाल एवं सुजीत सिंह टिंकू ने प्रतियोगिता में शामिल सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।