Sunday, April 19, 2026
HomeUncategorized50% महिला भागीदारी से ही साकार होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना :...

50% महिला भागीदारी से ही साकार होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना : विजया रहाटकर


राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष ने आगरा में डावर फुटवियर यूनिट का किया दौरा, "शक्ति संवाद" कार्यक्रम में महिलाओं से की बातचीत

आगरा, (राष्ट्र की परम्परा)। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी को ज़रूरी बताते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने बुधवार को आगरा स्थित डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज का दौरा किया। “शक्ति संवाद – महिला कर्मियों की बात” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस विशेष संवाद सत्र में उन्होंने महिला कर्मचारियों से संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों को सुना।

श्रीमती रहाटकर ने कहा कि भारत का फुटवियर उद्योग, फैशन और कपड़ा उद्योग के बाद सबसे तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि भारत में प्रति व्यक्ति सालाना फुटवियर की खपत 2-3 जोड़ी तक है, जो इस क्षेत्र की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अगर देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, तो हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी भी 50% होनी चाहिए। तभी आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला सशक्तिकरण योजनाओं – जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत और तीन तलाक कानून – का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं तकनीक से लेकर उत्पादन तक हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। “लखपति दीदी” जैसी पहलें ग्रामीण भारत में भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बना रही हैं।

कार्यक्रम में फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद (DCFLI) के चेयरमैन श्री पूरन डावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी 50% तक बढ़े। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत के जूता उद्योग में 80-85% कार्यबल महिलाएं हैं, जबकि उत्तर भारत में यह आंकड़ा अभी काफी कम है। उन्होंने कहा कि जूता उद्योग में महिलाएं केवल 1-3 महीने की ट्रेनिंग के बाद दक्षता से कार्य कर सकती हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने कहा कि महिलाओं का कौशल विकास और आर्थिक स्वतंत्रता आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की नींव है। उन्होंने ऐसे संवाद और कार्यशालाओं को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना खोंगदुप, संयुक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती, प्रधान निजी सचिव श्री रामावतार सिंह, त्रिशूली क्रिएशंस की श्रुति कौल और पल्लवी महाजन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

आयोजन का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एफमैक उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता एवं राजेश सहगल ने किया। अतिथियों का स्वागत डावर फुटवियर के प्रबंधक राजीव मिश्रा एवं शालिनी शर्मा ने किया। कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाएं इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के ब्रजेश शर्मा, अजय शर्मा और डॉ. राम नरेश शर्मा द्वारा की गईं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments